WhatsApp Bill Payments: WhatsApp ने भारत में अपने यूजर्स के लिए नया Bill Payments फीचर लॉन्च किया है। इस सुविधा के जरिए अब यूजर्स को अलग-अलग बिल भरने के लिए WhatsApp से बाहर जाने की जरूरत नहीं होगी। वे सीधे ऐप के अंदर बिजली, पानी, गैस, FASTag, इंश्योरेंस, क्रेडिट कार्ड और लोन की किस्तों समेत कई तरह के बिल ढूंढ, मैनेज और पे कर सकेंगे।
कंपनी के मुताबिक, इस सुविधा के लिए WhatsApp भारत कनेक्ट यानी BBPS नेटवर्क का इस्तेमाल कर रहा है। यूजर्स को 30 से ज्यादा कैटेगरी में 22,722 बिलर्स का सपोर्ट मिलेगा। इससे रोजमर्रा के कई जरूरी बिलों को एक ही प्लेटफॉर्म से संभालना आसान हो सकता है।
WhatsApp पर ऐसे मिलेगा Bill Payments फीचर
बिल पेमेंट करने के लिए यूजर्स को WhatsApp खोलना होगा। इसके बाद होम स्क्रीन के सबसे ऊपर दिखाई देने वाले ₹ (रुपये) आइकन पर टैप करके Bill Payments सेक्शन में जाना होगा।
यहां यूजर अपनी जरूरत के मुताबिक बिल की कैटेगरी और संबंधित बिलर चुन सकता है। इसके बाद मांगी गई अकाउंट डिटेल्स दर्ज करके उन्हें कन्फर्म करना होगा। पेमेंट से पहले WhatsApp स्क्रीन पर बिल की राशि भी दिखाएगा, जिससे यूजर भुगतान करने से पहले रकम को दोबारा चेक कर सकेगा।
एक जगह मैनेज होंगे कई बिल
नए फीचर की एक खास सुविधा 'Household Bills Summary' है। इसके जरिए पिछले बिल पहले से फेच होकर दिखाई देंगे। वहीं, जिन बिलर्स के बिल यूजर पहले WhatsApp के जरिए भर चुका है, उन्हें पेमेंट होम स्क्रीन पर वन-टैप एक्सेस के साथ देखा जा सकेगा।
WhatsApp के अनुसार, यूजर्स एक ही बिलर के तहत कई अकाउंट्स भी मैनेज कर सकेंगे। इसका फायदा उन लोगों को मिल सकता है जिन्हें घर, ऑफिस या परिवार के अलग-अलग सदस्यों के बिल संभालने पड़ते हैं।
Android और iOS यूजर्स को मिलेगा फीचर
WhatsApp Bill Payments फीचर फिलहाल धीरे-धीरे रोलआउट किया जा रहा है। कंपनी के मुताबिक, आने वाले कुछ हफ्तों में यह सुविधा पूरे भारत में Android और iOS यूजर्स तक पहुंच जाएगी।
नए फीचर के साथ WhatsApp पर इन-ऐप पेमेंट की सुविधा मोबाइल रिचार्ज और अन्य ट्रांजैक्शन्स से आगे बढ़कर रोजमर्रा के यूटिलिटी और दूसरे जरूरी बिलों तक पहुंच गई है। इससे यूजर्स के लिए कई तरह के बिलों को एक ही जगह से मैनेज और भुगतान करना सुविधाजनक हो सकता है।