प्रणित मोरे ने ₹370 बिरयानी विवाद पर मांगी माफी, बोले- 'बहक गया था, बड़ी गलती हो गई'
स्टैंड-अप कॉमेडियन प्रणित मोरे ने ₹370 बिरयानी विवाद पर वीडियो जारी कर अपनी गलती स्वीकार की और माफी मांगी। सोशल मीडिया आलोचना और कानूनी कार्रवाई के बीच उन्होंने एक और मौका देने की अपील की। पढ़ें पूरी खबर।
गुरुग्राम में हुए स्टैंड-अप कॉमेडी शो के दौरान ₹370 की बिरयानी वाली टिप्पणी से उपजे विवाद ने सोशल मीडिया पर तूफान खड़ा कर दिया था। अब स्टैंड-अप कॉमेडियन प्रणित मोरे ने अपनी चुप्पी तोड़ते हुए वीडियो जारी कर अपनी गलती मान ली है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह उनकी बड़ी चूक थी और लोगों का गुस्सा जायज है।
प्रणित मोरे का वीडियो स्टेटमेंट
प्रणित मोरे ने इंस्टाग्राम पर शेयर किए वीडियो में कहा, “आप सबने मेरा क्राउड वर्क का वीडियो देखा होगा। इसके लिए मुझे बहुत हेट मिल रही है। मुझे लगता है कि मैं यह हेट डिजर्व भी करता हूं। जब मैं उस लड़के के साथ बात कर रहा था तो उसने काफी गलत बातें बोलीं। लेकिन उस वक्त सब लोग हंस रहे थे। मैं भी भावनाओं में बह गया और मेरे से ‘लैप्स इन जजमेंट’ हो गया। यह मेरी बहुत बड़ी गलती थी।”
कॉमेडियन ने आगे कहा कि एक परफॉर्मर के रूप में उनके पास माइक और स्टेज की जिम्मेदारी होती है। उन्होंने माना कि उन्हें उस वक्त टोकना चाहिए था या स्टैंड लेना चाहिए था, लेकिन वे ऐसा नहीं कर पाए। प्रणित ने उन सभी लोगों से माफी मांगी जिनकी भावनाओं को ठेस पहुंची।