वोडाफोन-आइडिया ने अपने Vi ऐप में एक खास सुविधा शुरू की है। अब यूजर्स सिर्फ अपने Vi नंबर का ही नहीं, बल्कि एयरटेल और जियो के प्रीपेड नंबरों का भी रिचार्ज आसानी से करा सकते हैं। यह सुविधा उन लोगों के लिए काफी फायदेमंद साबित हो सकती है जो परिवार या दोस्तों के नंबर रिचार्ज करवाते हैं और अलग-अलग ऐप्स पर प्लेटफॉर्म फीस देते हैं।

NBT टेक टीम ने इस सुविधा को खुद टेस्ट किया। 10 रुपये का छोटा रिचार्ज करवाया गया और वह सफलतापूर्वक पूरा हो गया। Vi ऐप पर ‘वन ऐप फॉर ऑल योर रिचार्ज’ की ब्रांडिंग साफ दिख रही है। फिलहाल यह सुविधा जियो और एयरटेल के लिए उपलब्ध है। बीएसएनएल का विकल्प अभी नजर नहीं आया।

Vi ऐप से दूसरी कंपनी का रिचार्ज कैसे करें

प्रोसेस बेहद सरल है। सबसे पहले Vi ऐप खोलें। होम पेज पर प्रीपेड रिचार्ज का विकल्प दिखेगा। उस पर क्लिक करें। स्क्रीन पर ‘वन ऐप फॉर ऑल योर रिचार्ज’ का मैसेज दिखेगा। उसके नीचे मोबाइल नंबर डालने का बॉक्स है। वहां जियो या एयरटेल का नंबर डाल दें।

नंबर डालते ही उस ऑपरेटर के सभी उपलब्ध प्रीपेड प्लान दिखाई देने लगते हैं। अपनी जरूरत के हिसाब से प्लान चुनें और पेमेंट पूरा करें। एक टैप में रिचार्ज हो जाता है। टेस्टिंग में 10 रुपये के वाउचर रिचार्ज में कोई समस्या नहीं आई।

यह भी पढ़ें:- सैमसंग गैलेक्सी A18 5G लॉन्च से पहले दिखा, किफायती 5G फोन में क्या होगा खास?

क्यों फायदेमंद है यह सुविधा

कई लोग पेटीएम या फोनपे जैसे ऐप्स से रिचार्ज करवाते हैं। इनमें कभी-कभी प्लेटफॉर्म फीस लगती है। Vi ऐप से रिचार्ज करने पर यह अतिरिक्त खर्च बच सकता है। खासकर उन परिवारों के लिए जहां कुछ सदस्य Vi इस्तेमाल करते हैं और बाकी एयरटेल या जियो। अब एक ही ऐप से सबके नंबर रिचार्ज हो जाएंगे।

जो लोग अपने माता-पिता या रिश्तेदारों का रिचार्ज करवाते हैं, उनके लिए भी यह सुविधा आसान बनाती है। अलग-अलग ऑपरेटर के ऐप डाउनलोड करने या याद रखने की जरूरत नहीं रहती। Vi ऐप में ही सबकुछ उपलब्ध है।

जियो और एयरटेल के पास अभी नहीं है ऐसा विकल्प

दिलचस्प बात यह है कि फिलहाल सिर्फ Vi ही ऐसा ऐप है जिससे दूसरी टेलीकॉम कंपनी का रिचार्ज करवाया जा सकता है। जियो और एयरटेल के आधिकारिक ऐप्स में अभी यह सुविधा उपलब्ध नहीं है। Vi ने आधिकारिक तौर पर इस सर्विस की घोषणा नहीं की है, लेकिन ऐप में यह विकल्प सक्रिय है। लगता है हाल ही में इसे जोड़ा गया है।

Google Play स्टोर पर Vi ऐप के डिस्क्रिप्शन में भी ‘किसी भी ऑपरेटर का रिचार्ज’ का जिक्र मिलता है। इससे साफ है कि कंपनी इस दिशा में काम कर रही है।

किन लोगों को सबसे ज्यादा फायदा होगा

Vi सिम रखने वाले यूजर्स जिनके परिवार में मिश्रित ऑपरेटर हैं, उन्हें सबसे ज्यादा फायदा मिलेगा। जो लोग नियमित रूप से दूसरों के नंबर रिचार्ज करवाते हैं, वे भी समय और पैसा दोनों बचा सकते हैं। छोटे रिचार्ज जैसे 10-20 रुपये के टॉप-अप भी आसानी से हो जाते हैं।

हालांकि यूजर्स को सलाह दी जाती है कि रिचार्ज से पहले प्लान की डिटेल्स ध्यान से चेक करें। सर्कल और वैलिडिटी सही हो, यह सुनिश्चित कर लें।