भारतीय रेलवे में सफर करने वाले यात्रियों के लिए एक छोटा-सा बदलाव यात्रा को काफी आरामदायक बना सकता है। सोशल मीडिया पर कंटेंट क्रिएटर संतोष भारतवंशी ने रेलवे के नए कोच में साइड अपर बर्थ के पास कांच की छोटी खिड़की लगाने का सुझाव दिया है। उनका कहना है कि इससे साइड अपर बर्थ पर सफर करने वाले यात्री भी बाहर का नजारा देख सकेंगे और बिना नीचे उतरे स्टेशन का नाम पता लगा सकेंगे।
संतोष भारतवंशी का वायरल सुझाव
संतोष भारतवंशी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपना यह सुझाव साझा किया। उन्होंने कहा कि रेलवे के आने वाले 2AC, 3AC और स्लीपर कोच में साइड अपर बर्थ के पास बाहर की ओर देखने के लिए एक छोटी खिड़की होनी चाहिए। कांच की यह खिड़की कैसी होगी, इसके बारे में उन्होंने फोटो भी पोस्ट की। सोमवार शाम तक उनकी इस पोस्ट को लाखों यूजर्स देख चुके थे और उस पर जबरदस्त प्रतिक्रियाएं आ रही थीं।
संतोष के मुताबिक अभी साइड अपर बर्थ पर सफर करने वाले यात्री बाहर का नजारा नहीं देख पाते। उन्हें स्टेशन पता लगाने के लिए भी नीचे उतरना पड़ता है। इससे नीचे की बर्थ पर बैठे या सो रहे यात्री को परेशानी हो सकती है। उन्होंने सुझाव दिया कि साइड अपर बर्थ के पास एक छोटी और अच्छी तरह सील की गई खिड़की लगाई जाए। इससे दिन में सफर करने वाले यात्री बाहर के नजारों का आनंद ले सकेंगे। ऊपर की बर्थ पर रोशनी भी बढ़ेगी और जगह ज्यादा खुली महसूस होगी।
यात्रियों को होती है परेशानी
साइड अपर बर्थ पर सफर करना कई यात्रियों के लिए असुविधाजनक साबित होता है। बाहर का दृश्य न दिखने के कारण यात्रा उबाऊ लगने लगती है। खासकर लंबी दूरी की यात्रा में यह समस्या और बढ़ जाती है। यात्री बार-बार नीचे उतरकर स्टेशन चेक करते हैं, जिससे नीचे बैठे यात्री की नींद या आराम में खलल पड़ता है। संतोष का यह छोटा सा आइडिया इन परेशानियों को काफी हद तक कम कर सकता है।
यूजर्स ने सराहा आइडिया
संतोष के इस सुझाव पर सोशल मीडिया यूजर्स ने अपनी प्रतिक्रिया दी। कई लोगों ने इसे बहुत अच्छा आइडिया बताया और रेलवे से इस पर विचार करने की अपील की। एक यूजर ने कहा कि लंबी दूरी की यात्रा करने वालों के लिए यह अच्छा विचार है। हालांकि, खिड़की बनाते समय सुरक्षा, निजता और कोच की मजबूती का ध्यान रखना जरूरी होगा। संतोष ने जवाब दिया कि मजबूत और सील किए गए कांच के साथ ब्लाइंड्स लगाने से इन चिंताओं का समाधान किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें:- उत्तर भारत में बढ़ी कड़ाके की ठंड, राजस्थान और दिल्ली-यूपी में कोहरे का अलर्ट
कुछ यूजर्स ने इस सुझाव को लेकर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को भी टैग कर दिया। एक यूजर ने लिखा कि रेल मंत्री इस सुझाव को लागू करने पर विचार करें। उन्होंने यह भी कहा कि रेलवे को यात्रियों से ऐसे सुझाव लेने के लिए नागरिक पोर्टल शुरू करना चाहिए। दूसरे यूजर ने इसे शानदार आइडिया बताते हुए कहा कि इसमें कोई अतिरिक्त खर्च भी नहीं होगा, क्योंकि लोहे की जगह कांच लगाया जा सकता है।
काला पानी की सजा वाली टिप्पणी
एक यूजर रोहित गर्ग सिंह ने रेल मंत्री, रेल मंत्रालय और रेलवे सेवा को टैग करते हुए लिखा कि साइड अपर बर्थ पर सफर करने वाले यात्री खुद को कैद महसूस करते हैं। उनके पास बाहर देखने का कोई विकल्प नहीं होता और उन्हें सिर्फ कोच की छत दिखाई देती है। उन्होंने मजाकिया अंदाज में इसकी तुलना ‘काला पानी की सजा’ से की। साथ ही कहा कि बसों में भी यात्रियों को बाहर देखने की सुविधा मिलती है, तो ट्रेनों में ऐसा क्यों नहीं हो सकता।
यह सुझाव इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि भारतीय रेलवे हर साल करोड़ों यात्रियों को सेवा देती है। छोटे-छोटे बदलावों से यात्रा का अनुभव बेहतर बनाया जा सकता है। संतोष ने स्पष्ट किया कि यह सिर्फ एक सुझाव है और सुरक्षा समेत कई बातों को ध्यान में रखना जरूरी है।