आज के समय में लैपटॉप सिर्फ एक डिवाइस नहीं बल्कि रोजमर्रा की जरूरत बन चुका है। ऑफिस का काम हो, पढ़ाई, गेमिंग, मूवी देखना या घर का हिसाब-किताब—हर काम के लिए लैपटॉप जरूरी हो गया है। लेकिन बाजार में सैकड़ों मॉडल उपलब्ध हैं और हर एक अलग फीचर्स के साथ आता है। कुछ में मजबूत प्रोसेसर और ग्राफिक्स कार्ड होता है, कुछ में बेहतरीन स्क्रीन और कुछ में अच्छी बैटरी लाइफ। ऐसे में सही लैपटॉप चुनना थोड़ा मुश्किल हो सकता है।
अगर आप भी नया लैपटॉप खरीदने वाले हैं तो इस लेख में हम उन 7 महत्वपूर्ण फीचर्स के बारे में विस्तार से बात करेंगे जिन्हें खरीदते समय जरूर ध्यान में रखना चाहिए। इन फीचर्स को समझकर आप अपने इस्तेमाल के हिसाब से सबसे उपयुक्त लैपटॉप आसानी से चुन सकते हैं।
प्रोसेसर किसी भी लैपटॉप का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा होता है। इसे कंप्यूटर का दिमाग कहा जाता है। ऑफिस वर्क, ब्राउजिंग और सामान्य इस्तेमाल के लिए इंटेल कोर अल्ट्रा 5 या AMD राइजन 3 या 5 सीरीज पर्याप्त हैं। बस ध्यान रखें कि प्रोसेसर लेटेस्ट जनरेशन का हो।
AMD की तरफ से राइजन AI 5 330 सीरीज अच्छी ऑप्शन है। इसमें 4 कोर और 8 थ्रेड्स होते हैं। इससे बेहतर राइजन AI 5 340 में 6 कोर और 12 थ्रेड्स मिलते हैं। राइजन 5 7530U, 7535U, 7535HS, 8640U और 8640HS भी अच्छे विकल्प हैं। यहां HS हाई परफॉर्मेंस और U लो पावर वाले प्रोसेसर को दर्शाता है। बजट कम हो तो राइजन 3 मोबाइल प्रोसेसर भी काम चला सकते हैं।
इंटेल की तरफ से कोर अल्ट्रा 5 125U में 12 कोर और 14 थ्रेड्स मिलते हैं। 125H में 18 थ्रेड्स होते हैं। अल्ट्रा 5 322 और 335 सीरीज और भी पावरफुल हैं। एंट्री लेवल के लिए कोर 3 100U भी उपलब्ध है। सामान्य ऑफिस वर्क और मूवी देखने के लिए ये प्रोसेसर काफी हैं। लेकिन गेमिंग या हेवी वर्क के लिए इंटेल अल्ट्रा 7/9 या AMD राइजन 7/9 लेना बेहतर रहेगा।
2. रैम (RAM) – मल्टीटास्किंग की क्षमता
रैम यह तय करती है कि आप एक साथ कितने प्रोग्राम या ब्राउजर टैब बिना लैग के चला सकते हैं। आजकल 16 जीबी रैम को स्टैंडर्ड माना जा रहा है। सामान्य काम और मूवी देखने के लिए 8 जीबी भी काफी है, लेकिन वीडियो एडिटिंग या गेमिंग के लिए 16 जीबी या उससे ज्यादा रैम जरूरी हो जाती है। जितनी ज्यादा रैम होगी, लैपटॉप उतना स्मूथ चलेगा।
3. स्टोरेज (SSD) – डेटा रखने की जगह
स्टोरेज से तय होता है कि आप लैपटॉप में कितना डेटा सेव कर सकते हैं। आजकल NVMe M.2 SSD को प्राथमिकता दी जाती है क्योंकि यह काफी तेज होता है। 512 जीबी से 1 टीबी स्टोरेज अब स्टैंडर्ड बन चुका है। अगर क्लाउड स्टोरेज का इस्तेमाल करते हैं तो 256 जीबी भी चल सकता है, लेकिन लंबे समय के लिए कम से कम 512 जीबी वाला लैपटॉप लेना बेहतर है।
4. स्क्रीन/डिस्प्ले – देखने का अनुभव
अगर आप गेमिंग या मूवी देखने के लिए लैपटॉप खरीद रहे हैं तो डिस्प्ले पर खास ध्यान दें। सामान्य इस्तेमाल के लिए 1920x1080 रेजोल्यूशन और 60Hz रिफ्रेश रेट पर्याप्त है। गेमिंग लैपटॉप जैसे ASUS TUF या Acer Predator में 2K या 4K डिस्प्ले के साथ 144Hz से 240Hz तक का रिफ्रेश रेट मिलता है, जो कॉम्पिटिटिव गेमिंग के लिए बेहतर है।
5. बैटरी लाइफ और चार्जिंग
बैटरी लाइफ यात्रा या ऑफिस के दौरान बहुत मायने रखती है। बजट वाले लैपटॉप में 40-50Wh की बैटरी से 3-6 घंटे की बैटरी लाइफ मिलती है। 80-99.9Wh वाली बैटरी से 4-8 घंटे तक काम चल सकता है। याद रखें कि ज्यादा सेल्स का मतलब हमेशा ज्यादा बैटरी लाइफ नहीं होता। Apple के M-सीरीज और Qualcomm Snapdragon X Elite जैसे ARM प्रोसेसर वाले लैपटॉप 70-80Wh बैटरी में भी 18-24 घंटे तक चल सकते हैं।
6. कनेक्टिविटी – पोर्ट्स और वायरलेस सुविधा
खरीदने से पहले लैपटॉप के पोर्ट्स जरूर चेक करें। USB Type-C और Type-A, HDMI पोर्ट और हेडफोन जैक होना चाहिए। वायरलेस कनेक्टिविटी के लिए Wi-Fi 6 या उससे नया और ब्लूटूथ 5.3 या ऊपर वाला वर्जन बेहतर रहता है। इससे वायरलेस डिवाइस आसानी से कनेक्ट होते हैं।
7. ग्राफिक्स कार्ड (GPU) – गेमिंग और एडिटिंग के लिए
सामान्य काम के लिए इंटीग्रेटेड ग्राफिक्स काफी हैं, लेकिन गेमिंग और वीडियो एडिटिंग के लिए डेडिकेटेड GPU जरूरी है। NVIDIA GeForce RTX 3050, 3060, 4050, 4060, 5050 या 5060 बेस लेवल गेमिंग के लिए अच्छे हैं। हेवी गेमिंग और एडिटिंग के लिए RTX 3070, 3080 या 40/50 सीरीज के ऊंचे मॉडल चुनें।
AMD की तरफ से Radeon RX 7600S और 7600M XT अच्छे विकल्प हैं। RX 7900M 16GB VRAM के साथ हाई-एंड लैपटॉप में मिलता है। AMD ज्यादा VRAM देता है जबकि NVIDIA रे ट्रेसिंग में बेहतर प्रदर्शन करता है। दोनों ही अच्छे रिजल्ट देते हैं।
निष्कर्ष: सही लैपटॉप चुनना आपके इस्तेमाल पर निर्भर करता है। ऑफिस और सामान्य काम के लिए अच्छी प्रोसेसर, 8-16GB रैम और 512GB SSD वाला लैपटॉप पर्याप्त है। गेमिंग या क्रिएटिव वर्क के लिए पावरफुल CPU, GPU, ज्यादा रैम और हाई रिफ्रेश रेट डिस्प्ले जरूरी है। इन 7 फीचर्स को ध्यान में रखकर आप अपनी जरूरत और बजट के हिसाब से सबसे बेहतर लैपटॉप आसानी से चुन सकते हैं।