दिगारू में ट्रेन रोकते समय बेकाबू हुई सैरांग एक्सप्रेस: इंजन समेत 5 कोच पटरी से उतरे, राहत की बात, सभी यात्री सुरक्षित
असम के दिगारू में सैरांग एक्सप्रेस का इंजन और 5 कोच पटरी से उतरे। सभी यात्री सुरक्षित, राहत कार्य जारी। जानें रेलवे ने क्या बताया और कौन-सी ट्रेनें रोकी गईं।
असम की राजधानी गुवाहाटी के बाहरी इलाके दिगारू में बुधवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा हुआ। पूर्वोत्तर सीमा रेलवे (NF Railway) के मुताबिक 11 नवंबर 2026 को करीब 06:54 बजे ट्रेन संख्या 13125 कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस दिगारू स्टेशन पर पटरी से उतर गई। समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, यह यात्री ट्रेन मिजोरम से कोलकाता की ओर जा रही थी। हादसे में इंजन (लोकोमोटिव) और पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। इतनी बड़ी डिरेलमेंट के बावजूद रेलवे का कहना है कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
रेलवे ने हादसे की वजह क्या बताई?
रेलवे के शुरुआती बयान के अनुसार, ट्रेन को किसी दूसरी ट्रेन को रास्ता देने के लिए दिगारू स्टेशन पर रोका जा रहा था। इसी दौरान लोको पायलट ट्रेन की गति को नियंत्रित नहीं कर सके और ट्रेन पटरी से उतर गई। यह रेलवे का प्रारंभिक बयान है। हादसे के सटीक तकनीकी या मानवीय कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी।