Dyson का अनोखा कारनामा: लॉन्च किया AI और कैमरे वाला टूथब्रश, जानिए कितनी है कीमत
डायसन ने AI और कैमरा युक्त CameraJet टूथब्रश लॉन्च किया। दांतों के गैप साफ करने वाला जेट सिस्टम, कीमत 499.99 डॉलर। जानें फीचर्स और उपलब्धता।
टेक कंपनी डायसन ने ओरल केयर सेगमेंट में धमाकेदार एंट्री की है। कंपनी ने अपना पहला इलेक्ट्रिक टूथब्रश CameraJet लॉन्च कर दिया है, जिसमें बिल्ट-इन कैमरा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और माउथवॉश जेट सिस्टम मौजूद है। यह ब्रश सिर्फ दांतों को साफ नहीं करता, बल्कि दांतों के बीच के गैप को भी ऑटोमैटिकली टारगेट करके साफ करता है। पेरिस में हुए लॉन्च इवेंट में इसे पेश किया गया। इसकी कीमत 499.99 अमेरिकी डॉलर यानी करीब 47,000 रुपये रखी गई है।
कैमरा और AI कैसे काम करता है
CameraJet के ब्रश हेड में 1,00,000 पिक्सल का मैक्रो कैमरा लगा है। यह ब्रशिंग के दौरान हर सेकंड 28 इमेज कैप्चर करता है। डायसन का गैप ऑप्टिकल टारगेटिंग सिस्टम इन इमेजेस का विश्लेषण करता है और दांतों के बीच खाली जगहों को पहचानता है। जैसे ही गैप डिटेक्ट होता है, सिस्टम महज 100 मिलीसेकंड में माउथवॉश की कोन शेप्ड जेट छोड़ देता है। यह प्रक्रिया ब्रशिंग के साथ-साथ होती है, जिससे फ्लॉसिंग की जरूरत लगभग खत्म हो जाती है। कंपनी ने इस सिस्टम को विकसित करने में छह साल का रिसर्च किया और 4.70 लाख डेंटल इमेजेस पर AI को ट्रेन किया है।
MyDyson ऐप और प्राइवेसी फीचर्स
यह टूथब्रश वाई-फाई और ब्लूटूथ के जरिए MyDyson ऐप से कनेक्ट होता है। ऐप पर यूजर्स अपने मुंह के अंदर का लाइव व्यू देख सकते हैं, ब्रशिंग टेक्नीक की गाइडेंस ले सकते हैं और कवरेज मैपिंग चेक कर सकते हैं। कंपनी ने प्राइवेसी का पूरा ख्याल रखा है। कैमरा सिर्फ लाइव व्यू या ऑटो जेटिंग के दौरान ही एक्टिव होता है। तस्वीरें न तो डिवाइस में स्टोर होती हैं और न ही क्लाउड पर भेजी जाती हैं। ब्रश सिरेमिक अल्ट्रा ब्लू और सिरेमिक पिंक दो कलर ऑप्शंस में उपलब्ध है।